Saturday, 26 July 2014

Filled Under: ,

हरियाली अमावस और सावन का शोर, झूलों में झूले नंदकिशोर


मंदिरों में रही श्रद्धालुओं की भीड़, मंदिरों की परिक्रमा की, गौशालाओं के लिए चारा भिजवाया, दान का सिलसिला चलता रहा




जोधपुर /  हरियाली अमावस। शनि का संयोग। आसमान में घटाएं। सावन का शोर। मंदिरों में झूलों में झूले नंदकिशोर।...भीगा-भीगा मौसम। हर कोई उल्लसित। यह सुखद अहसास शनिवार को मन के भीतर तक महसूस किया जा रहा था। सुबह से ही बादलों की उपस्थिति रही। दोपहर में तो काली घटाएं उमड़ आई और बौछारें गिरने लगी। ऐसे ही मौसम में श्रद्धालु मंदिरों में सावन उत्सव मना रहे थे। कहीं-कहीं झूलों में ठाकुरजी को झुलाया जा रहा था। कई श्रद्धालु मंदिरों की परिक्रमा कर रहे थे।

शहर के मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए गए। प्रमुख मंदिरों से जुड़ी संस्थाओं की ओर से बसों द्धारा श्रद्धालुओं को शहर में निकटवर्ती मंदिरों के दर्शन करवाने के साथ  परिक्रमा का आयोजन रखा गया। इसके साथ ही गोशालाओं में चारा भिजवाया गया और दिन भर दान का सिलसिला चलता रहा।

मंदिरों में मेलों जैसा माहौल 

दिन भर रातानाडा गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की रौनक रही। यहां गणेश को मोदक और बूंदी का भोग लगाया गया। पहाड़ी पर स्थित मंदिर की छटा अनूठी दिखाई दे रही थी। इसी तरह मसूरिया स्थित बाबा रामदेव मंदिर, बड़ली के भैरूजी मंदिर, अरना-झरना व कदमकंडी, निंबा-निंबड़ी, मंडलनाथ व संतोषी माता मंदिर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। यहां पर मेले जैसा माहौल बना रहा।

शनि भगवान के गूंजे जयकारे

हरियाली अमावस्या के साथ शनि और पुष्य नक्षत्र का संयोग होने से शनि मंदिरों में शनि भगवान के जयकारे गूंजते रहे। शाम होते ही शनि की स्तुति में श्रद्धालु व्यस्त रहे। शनि भगवान को तेल-तिल चढ़ाए गए। प्रसाद चढ़ाने के साथ ही शाम को आरती में लोग शरीक हुए। दूसरी ओर शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और पूजा-पाठ का दौर चलता रहा।

पिकनिक स्पॉट पर रही रौनक

 हरियाली अमावस्या और सावन की बौछारें के बीच सुहाने मौसम में शहरवासियों ने  मंडाेर, कायलाना, अरना-झरना और पार्कों की ओर रुख किया। शनिवार का अवकाश होने की वजह से इन स्थलों पर खासी भीड़ रही।

सावन उत्सव मनाया

पाल रोड अमृत नगर स्थित अमृत भजन मंडली की ओर से सावन उत्सव मनाया गया। मंडली की गीता माछर ने बताया कि इस अवसर पर महिलाओं ने लहरिया साड़ियां पहनी। बच्चों के लिए अमृत नगर स्थित पार्क में झूले लगाए गए। इस दौरान कई प्रतियोगिताएं हुईं। समारोह में दमयंती अग्रवाल, यशोदा मूंदड़ा, मीना लोहिया, सपना गोयल, स्नेहलीला, रमा जांगिड़, चैन मेहता, अंजू जैन, संतोष गुप्ता, लीला बागरेचा, पुष्पा अग्रवाल, कृष्णा गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।







0 comments:

Post a Comment