Friday, 7 November 2014

Filled Under:

शास्त्री सर्किल पर भिखारी बन घूम रहे जेबकतरे

-एटीएम से बाहर निकलने वाले लोगों और चाट-पकौड़ी खा रहे लोगों को बना रहे निशाना, पुलिस की व्यवस्था नहीं होने से पॉश कॉलोनी के लोग और शहर से आने वाले लोग हो रहे परेशान

-डीके. पुरोहित-

केस वन: 
रमणलाल एटीएम से बाहर निकला ही था कि दो लड़के जो भिखारी थे, कुछ मांगने लगे, इस बीच पीछे से किसी ने जब साफ कर ली। पलक झपकते ही उसके पांच सौ रुपए पार हो गए।

केस टू: 
केसर अपने बीवी और एक बेटे और बेटी के साथ गोलगप्पे खा रहा था। इस बीच छोटे-छोटे बच्चे रोनी सूरत बनाकर भीख मांगने लगे। अचानक किसी ने पीछे से बटुआ निकाल लिया। केसर ने हाथ पकड़ा तो एक बच्चा रोने लगा बाबूजी छोड़ दो।

जोधपुर। शहर के पॉश इलाके शास्त्री नगर का शास्त्री सर्किल इलाका अब भिखारियों और जेबकतरों के लिए बदनाम है। यहां आए दिन लोगों की जेब पर भिखारी के वेश में घूमने वाले बच्चे हाथ साफ कर रहे हैं। इतने बड़े क्षेत्र में यहां पर रात्रि में पुलिस की माकूल व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

कई बच्चे फटेहाल और रोनी सूरत बनाकर यहां भीख मांग रहे हैं। शाम होते ही जैसे-जैसे शहर के लोग शास्त्री सर्किल पर बच्चों को घुमाने आते हैं तो ये भिखारी अपने धंधे में लग जाते हैं। इनमें कुछ महिलाएं भी हैं जो अपने बच्चों के साथ भीख मांगती है। जैसे ही लोग आइसक्रीम, चाट-पकौड़ी-इडली डोसा और गोल-गप्पों के ठेलों पर पहुंचते हैं, बच्चों के रूप में भिखारी पीछे ही पड़ जाते हैं। पिछले छह महीने में यहां दर्जनों भिखारी हो गए हैं। जब लोग इनको भीख या बख्शीश नहीं देते हैं तो मौका देख कर लोगों की जेब पर हाथ साफ कर देते हैं। इस बार में कई लोगों ने कहा कि यहां पुलिस की माकूल व्यवस्था होनी चाहिए।

वर्ल्ड स्ट्रीट ने कुछ लोगों से बात की तो मालूम चला समस्या गंभीर है। इसी इलाके के राजेश शर्मा ने बताया कि भिखारी किस्म के आवारा लड़के बढ़ गए हैं। इनसे छुटकारा पाना आसान नहीं है। जब देखो इनकी नजर हमारी जेब पर ही रहती है। हाथ फैलाकर अजीब सी सूरत बनाकर कुछ न कुछ मांगते ही रहते हैं। इनमें से तो कुछ बच्चे पांच से पंद्रह साल तक के हैं। महिला भिखारी गोद में बच्चे लिए भीख मांगती हैं। कोई कुछ नहीं करता। पुलिस पहली बात तो होती ही नहीं है, कभी कभार कोई कांस्टेबल खड़ा भी रहता है, तो कार्रवाई नहीं करता है। इसी तरह मुकंद व्यास ने बताया कि वह पिछले सप्ताह अपने बच्चे और पत्नी के साथ यहां घूमने आया था। भिखारियों ने उसके पर्स से एटीएम कार्ड और कुछ रुपए पार कर लिए। ऐसी समस्या कई लोगों के साथ है।

पुलिस का जाब्ता नहीं:



शास्त्री सर्किल जैसे व्यस्त इलाके में पुलिस का पर्याप्त जाब्ता नहीं है। कुछ सिपाही तैनात होते भी हैं तो वे भिखारियों को रोकते नहीं हैं। ऐसे में बच्चों के हौसले बढ़ गए हैं।

0 comments:

Post a Comment